कुम्हारी फ्लाईओवर से गिरकर पति पत्नी की दर्दनाक मौत;  बच्ची घायल, सीएम बघेल ने जताया दुख, जिम्मेदारों पर दंडात्मक कार्रवाई के दिए निर्देश

 

दुर्ग। दुर्ग जिले में कुम्हारी ओवर ब्रिज पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लाईओवर से बाइक और कार नीचे गिर गए। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी की हालत गंभीर है। कार का एयर बैग खुल जाने से चालक सुरक्षित है। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुःख व्यक्त किया है। साथ ही घटना के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए है।

मिली जानकारी के अनुसार, चंगोराभाठा क्षेत्र निवासी आजुराम देवांगन अपनी पत्नी और बच्ची के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात वह से वापस आते समय कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर में लाइट और बेरिकेड्स नहीं होने के कारण वो अपनी वाहन को अधूरे फ्लाईओवर पर लेकर चढ़ गए। रात में काफी अँधेरा होने से रास्ता नहीं दिखा और वह गाड़ी समेत फ्लाईओवर से गिर गए। इस घटना में उसकी और उसकी पत्नी की मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय बालिका गंभीर है, जिसका उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
कुम्हारी पुलिस के मुताबिक ब्रिज अभी अधूरा है। इसके बाद भी वहां न तो कोई बेरिकेड्स लगाए गए हैं और न डायवर्सन किया गया है। इससे लोग अधूरे ब्रिज में जा रहे हैं। ठंड में कोहरे के चलते अधूरा ब्रिज दिखाई नहीं दे रहा और हादसे बढ़ रहे हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुःख जताया

वहीं, हादसे के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुःख जताया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा की – कुम्हारी में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज से एक मोटरसाइकिल गिरने से दम्पत्ति की मृत्यु की घटना बेहद दुखद है। जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायल बच्ची को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिम्मेदारों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को संबल दे। जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्माणाधीन ओवरब्रिज में बेरिकेडिंग सहित सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसा हादसा ना हो।