नारायण चंदेल नये नेता प्रतिपक्ष बने

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के बाद भाजपा ने अब अपना नेता प्रतिपक्ष भी बदल दिया है। दोपहर को विधायक दल की बैठक में जांजगीर-चांपा के विधायक नारायण चंदेल के नाम पर मुहर लग गई है। उन्हें धरमलाल कौशिक की जगह नया नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। भाजपा में यह सर्जरी मिशन-2023 के चुनावों के मद्देनजर की जा रही है। विधायक दल की बैठक में छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल थे। नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में विधायक नारायण चंदेल, अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल और शिवरतन शर्मा थे।
गौरतलब है कि भाजपा में हमेंशा यह भी देखा जाता है कि पार्टी में अचानक से कोई चौंकाने वाला नाम सामने आ जाता है। जैसे हाल ही में अरुण साव को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया।