छत्तीसगढ़ में मॉनसून मेहरबान, कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और एलो अलर्ट

रायपुर/दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरे देश में पहुंच गया है। मॉनसून के सक्रिय होने से छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 48 घंटों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज और एलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के लिए यलो अलर्ट है। सोमवार की सुबह से सरगुजा, जशपुर, महासमुंद, बीजापुर और नारायणपुर, धमतरी, बस्तर जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

बता दें कि 1 जून की सामान्य तिथि से 3 दिन पहले 29 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचा था। छत्तीसगढ़ में मॉनसून ने दुर्ग जिले के रास्ते 15 जून को प्रवेश किया था। अभी तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही थी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण झारखंड और उसके आसपास 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, ग्वालियर, सीधी, जमशेदपुर, दिघा और उसके बाद पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश होगी। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है।

खेती-किसानी के काम में आई तेजी
छत्तीसगढ़ में खेती के लिए अभी तक पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी। सिस्टम बनने से 4 जुलाई को मॉनसून सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से अच्छी बारिश हो रही है। प्रदेश के महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, सरगुजा, जशपुर, बस्तर, नारायणपुर क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। इधर बारिश शुरू होने से किसानों की चिंता कुछ कम हुई है। अब खेती-किसानी का काम जोर पकड़ेगा। किसानों ने खेतों की जोताई, बीज बोआई और धान की नर्सरी बनाने का काम शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक जुलाई में अच्छी बारिश की उम्मीद है। इधर बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है। 3 जुलाई को बलौदाबाजार जिले में सबसे ज्यादा 31.9 डिग्री तापमान और नारायणपुर जिले में सबसे कम 27.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।