भाटापारा । भाटापारा शहर की यातायात व्यवस्था को सभी के सहयोग से दुरुस्त करने का पूरा प्रयास किया जाएगा इसके लिए जिनसे जिनसे मीटिंग करने की जरूरत होगी उनसे उनसे मीटिंग की जाएगी और सभी को समझाइश दी जाएगी। शहर में आवागमन पूरी तरह व्यवस्थित हो इसका विशेष उचित ख्याल रखा जाएगा तथा शहर में लगे विभिन्न चौक चौराहों पर सिग्नल हमेशा कार्य करें, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। उपरोक्त बातें भाटापारा यातायात शाखा में नव पदस्थ निरीक्षक नरेश कुमार कांगे ने यातायात शाखा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। काफी लंबे समय के बाद या यूं कहे कि पहली बार यातायात शाखा में निरीक्षक स्तर के अधिकारी की नियुक्ति जिले के वरिष्ठ पुलिस कप्तान दीपक कुमार झा ने की है। यहां बता दें कि वरिष्ठ पुलिस कप्तान दीपक कुमार झा ने भाटापारा की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात बीते दिनों पत्रकारों से चर्चा में कही थी और इसके लिए अच्छे अधिकारी को पदस्थ करने का आश्वासन दिया था। निरीक्षक नरेश कुमार कांगे ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख स्थानों को चिन्हित करके आगे का कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था को अच्छा बनाना ही उनका मूल उद्देश्य होगा साथ ही कहा कि किसी भी पक्ष को अत्यधिक तकलीफ ना हो इसका भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। कांगे ने आगे कहा कि बल की कमी भी जल्दी दूर हो जाएगी। साथ ही शहर थाने से बल लेकर सामूहिक रूप से अभियान चलाएंगे। शनिवार को नरेश कुमार कांगे ने अपना कार्यभार ग्रहण किया है।
