भाटापारा। भगवान महावीर स्वामी जी का जन्म कल्याणक महोत्सव सकल जैन समाज द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया।दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष पीयूष जैन ने जानकारी देते हुए बताया की हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र मास के 13वें दिन महावीर स्वामी का जन्म बिहार के कुंडग्राम में हुआ था। इन्हें जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर के रूप में माना जाता है। यह उन जैन 24 तीर्थंकरों में से हैं जिन्होंने तपस्या से आत्मज्ञान की प्राप्ति की थी।
इस परिपेक्ष्य में दिगंबर जैन समाज एवं श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा १३ अप्रैल को बाइक रैली पूरे भाटापारा शहर में निकाली गयी।१४ अप्रैल महावीर जयंती के दिन प्रातःकाल 7 बजे मंगलाष्टक व भगवान महावीर स्वामी की शांति धारा, आरती व पूजा तत्पस्चात श्री दिगम्बर जैन परवार पंचायती मंदिर से श्री जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी ।जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापिस श्री दिगंबर जैन परवार पंचायती मंदिर में संपन्न हुई।शोभा यात्रा का जगह जगह समाज के सभी लोगों ने भव्य स्वागत किया तथा विभिन्न प्रकार की निर्मित झांकियों एवं श्री जी की पालकी का दर्शन पाकर भक्तों ने धर्म लाभ लिया,साथ ही साथ शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी जी के पालना झुलाने की भी झांकी प्रस्तुत की गयी थी जिसे देखकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए एवं श्री जी का पालना झूला कर अपने पुण्य का संचय किया।श्री जी की शोभायात्रा के पश्चात मूल नायक भगवान श्री १००८ महावीर स्वामी जी का महामस्तकाभिषेक हुआ ,जिसके पुण्यार्जक श्री शोभालाल जी संजय कुमार जी एवं श्री अशोक कुमार जी पीयूष कुमार जी रेखा बैग परिवार हुए।इसके पश्चात् समाज के द्वारा वात्सल्य भोज किया गया एवं महिला मंडल के द्वारा जीव दया के भाव से गौ शाला में जाकर गौ सेवा एवं सरकारी अस्पताल में जाकर फलो का वितरण किया गया ।महिला मंडल के इस कार्य की समाज के सभी लोगों ने बहुत प्रशंसा की।तत्पश्चात् शाम को महा आरती एवं २५१ दीपों से पूरे मंदिर जी को सजाकर दीपोत्सव मनाया गया और महिला मंडल ,नवकार बहु मंडल,बालिका मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें समाज के सभी वर्गों ने भाग लिया और धर्म की शिक्षा प्राप्त करते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।कार्यक्रम का मंच संचालन श्री मती निधी ग़दिया एवं श्री मती रश्मि ग़दिया ने किया।
