रायपुर। लेखक, कवि एवं वरिष्ठ पत्रकार परितोष चक्रवर्ती का शनिवार तड़के निधन हो गया। उनका विगत 5 मार्च से रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल में कैंसर का इलाज चल रहा था। आज सुबह 5.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परितोष चक्रवर्ती साहित्यकार होने के साथ ही लंबे समय तक कई पत्र पत्रिकाओं का संपादन किया। वे रविवार और दिनमान से जुड़े रहे। बाद में एसईसीएल में जनसमर्क विभाग में नौकरी की। नौकरी में आने के बाद भी पत्रकारिता से उनका जुड़ाव कम नहीं हुआ। यही वजह है कि नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेकर वे फिर पत्रकारिता में लौट गए। दिल्ली से उन्होंने लोकायत पाक्षिक का संपादन शुरू किया। अस्पताल में भर्ती होने तक वे पत्र पत्रिकाओं में लिखते रहे। पिछले एक दशक से दिल्ली की मासिक पत्रिका नई सदी के संपादक थे।
मुख्यमंत्री बघेल ने गहरा दुख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साहित्यकार और वरिष्ठ पत्रकार परितोष चक्रवर्ती के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। श्री परितोष चक्रवर्ती का आज सवेरे रायपुर में निधन हो गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने श्री चक्रवर्ती के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री परितोष चक्रवर्ती ने आजीवन पत्रकारिता और साहित्य की सेवा की। वे अंतिम समय तक सक्रिय रहे, उनका निधन पत्रकारिता और साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
