यूक्रेन पर रूसी हमला: रूस ने चंद घंटों में ही तबाह किए यूक्रेन के एयरबेस और सैन्य ठिकाने, रुकने के मूड में नहीं पुतिन

 मॉस्को/ रूस ने हमले के पहले ही दिन यूक्रेन को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। कुछ ही घंटों में रूस की सेना ने यूक्रेन के एयरबेस और एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया है। रूस के विदेश मंत्री सेरगे लावरोव ने कहा कि यूक्रेन पर अब पूर्ण हमला शुरू हो गया है। बीते कई सप्ताह से दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। अंत में आज सुबह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर हमले का ही ऐलान कर दिया। पश्चिमी देशों की ओर से रूस पर प्रतिबंधों के ऐलान भी उसे युद्ध के लिए रोकने में सफल रहे। काफी दिनों से रूस ने यूक्रेन की सीमा पर डेढ़ से 2 लाख सैनिकों की तैनाती कर रखी थी। 

गुरुवार सुबह ही पुतिन ने टेलीविजन पर देश के नाम संबोधन में कहा, ‘मैंने मिलिट्री ऑपरेशन को लेकर फैसला ले लिया है।’ उनके इस ऐलान के तुरंत बाद जो बाइडेन समेत दुनिया भर के नेताओं ने उनकी निंदा शुरू कर दी। इसके अलावा भारत, अमेरिका और रूस समेत कई देशों का शेयर मार्केट धड़ाम से गिरने लगा। पुतिन के ऐलान के तुरंत बाद यूक्रेन की राजधानी कीव में कई धमाके सुने गए। इसके अलावा कई अन्य शहरों में भी धमाके हुए हैं। यूक्रेन ने भी रूस के हमले की पुष्टि कर दी है। यूक्रेन के बॉर्डर गार्ड्स ने कहा कि रूस और बेलारूस की सीमा से हम पर हमला हो रहा है।

यूक्रेन ने भारत समेत दुनिया से की मदद की अपील

यूक्रेन के नेता वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि रूस की ओर से उनके देश के मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने नागरिकों से यह अपील भी की है कि वे डरें नहीं और हमारी जीत होगी। इससे पहले बुधवार को यूक्रेन ने एक महीने के आपातकाल का ऐलान कर दिया था। इसके अलावा आम नागरिकों को हथियार लेकर उतरने की अनुमति दी थी। यूक्रेन के विदेश मंत्री डिमित्रो कुलेबा ने ट्वीट किया, ‘पुतिन ने यूक्रेन पर पूरी तरह से हमले की शुरुआत कर दी है। शांतिपूर्ण यूक्रेनी शहरों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।’

Leave a Reply