
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को लेकर जिस तरह से काम किया जा रहा है, उससे आम से लेकर खास सभी वर्ग के लोग खुश हैं। खासकर छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहारों में जिस तरह से सार्वजनिक छुट्टियां दी गई है। उससे छत्तीसगढ़ के रहने वाले बेहद खुश हैं। अब केंद्र सरकार के कर्मचारी भी छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहारों में सार्वजनिक छुट्टी की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि छत्तीसगढ़ के बहुत से ऐसे अधिकारी-कर्मचारी हैं जो केंद्र सरकार के अधीन विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं, जो छत्तीसगढ़िया हैं और छत्तीसगढ़ी संस्कृति से रचे बसे हुए हैं। ऐसे में उन्हें भी छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिए जा रहे अवकाश की तरह छुट्टियां दी जाएं। इस संबंध में कई केंद्रीय कर्मचारियों ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हस्तक्षेप का आग्रह करते हुए कहा है कि वे केंद्र सरकार से इस दिशा में पहल करें, ताकि उन्हें भी छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहारों में छुट्टियां मिल सकें।
ट्वीट में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि जो भी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई हैं या पूर्व से ही अवकाश घोषित हैं। उन सभी अवकाशों को केन्द्रीय सरकार के द्वारा संचालित संस्थानों में भी अनिवार्य रूप से लागू करवाने की सार्थक पहल करें। जिससे की वहां कार्यरत छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासियों कर्मचारियों और अधिकारियों को लाभ प्राप्त हो सके एवं अन्य प्रांतों से आए नौकरीपेशा अधिकारियों, कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला एवं गौरवशाली परंपरा के संदर्भ में जानकारी प्राप्त हो सकें।
