नईदिल्ली में अमृत मिशन व स्वच्छ भारत मिशन का शुभारंभ, पाटन नगर पंचायत के अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप भी हुए शामिल

पाटन। राष्ट्रीय राजधानी नईदिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आज अमृत मिशन 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन देश के सभी शहरों को ‘कचरा मुक्त’ और ‘जल सुरक्षित’ बनाने के उद्देश्य से किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से पाटन नगर पंचायत के अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अमृत मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों के क्रियान्वयन में शानदार कार्य करने के लिए नगर पंचायत पाटन की जमकर सराहना की है। केंद्रीय शहरी मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार को भेजी गई सूची में प्रदेश से एकमात्र नगर पंचायत पाटन का चयन किया था,जो पाटन के साथ-साथ क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप इसी सिलसिले में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। वे सम्मेलन में पाटन नगर पंचायत में अमृत मिशन के तहत किए गए कार्यों की जानकारी देंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया के अलावा राज्य के 3 नगर निगम के महापौर, 2 नगर पालिका के अध्यक्ष, दो आयुक्त और 6 अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। पाटन नगर पंचायत को अमृत मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यों के चयन पर नगर के लोगों ने अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप को बधाई दी है और उम्मीद जाहिर की है कि अगली बार भी पाटन का नाम राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाएगा। उन्होंने इसके लिए पाटन नगर पंचायत के अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप की सूझबूझ और योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी के साथ पारदर्शिता के साथ काम करने की उनकी प्रतिबध्दता की सराहना की है।

Leave a Reply