रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की देर रात माना एयरपोर्ट पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कार सवार दो छात्रों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। है।
बताया जाता है कि तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 04-केबी8777 सड़क पर बैठे एक जानवर से टकराई और उछलकर डिवाइडर में लगे हाईमास्क लाइट के खंभे को तोड़ती हुई पलट गई। हादसे के वक्त कार में तीन युवक सवार थे, जिनमें गौरव सिंह और हर्ष अग्रवाल दुर्घटना के बाद कार में ही फंसे रह गए उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीनों युवकों में बलौदाबाजार निवासी नागेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद शहर के एएसपी समेत माना, तेलीबांधा और राखी थाना पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और तेज बारिश के बीच गैस कटर से बमुश्किल कड़ी मशक्कत के बाद दोनो छात्रों के शवों को बाहर निकालकर मर्चुरी पहुंचाया। तीनों दोस्त वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में पार्टी के बाद घर जाने के लिए निकले थे। स्विफ्टडिजायर कार सेल्फ रेंटेड कार थी, जिसे मृतक गौरव सिंह चला रहा था। गौरव मूलत: रीवा मप्र का रहने वाला था और रायपुर में रहकर बीबीए की पढ़ाई कर रहा था।
