भाटापारा। प्रगतिशील और आधुनिक बनने के दौड़ में हम अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। खेल का महत्व जैसे हम भूलते जा रहे हैं। आज के बच्चे मोबाइल,लैपटॉप और वीडियो गेम्स में ही खेल खेलते हैं। खेल का महत्व बच्चों की बढ़ती ग्रोथ के साथ जानना आवश्यक है।जीवन में खेलकूद का भी उतना ही महत्व है, जितना कि पढ़ाई-लिखाई का। इसी को चरितार्थ करते हुए अंतरराष्ट्रीय कराते रेफरी एवं छत्तीसगढ़ शासन से वीरहनुमान सिंह अवार्डी सिहान अमल तालुकदार जी एवं शहीद कौशल यादव अवार्डी बोमिता तालुकदार जी के द्वारा कराते बेल्ट ग्रेडिंग लिया गया जिसमें आधारशिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिजाभाट क्लास बारहवीं विज्ञान संकाय के छात्र शिखर यदु पिता श्री प्रकाश यदु ने ऑल इंडिया सैसिंकाई शितो – रिउ कराते डु फेडरेशन से ब्लैक बेल्ट विद्यालय के खेल शिक्षक सेंसाई भीषम वर्मा के नेतृत्व में हासिल किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री नितेश रंजन भास्कर ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रोत्साहित कर छात्र एवं खेल प्रशिक्षक को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलकूद न केवल छात्रों का मनोरंजन करते हैं अपितु उनके स्वास्थ्य को भी उत्तम बनाते हैं। यदि बच्चे प्रसन्न और स्वस्थ रहेंगे तो पढ़ाई लिखाई की ओर भी ध्यान देंगे। विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकाओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शिखर यदु ने ऑल इंडिया सैसिंकाई शितो – रिउ कराते डु फेडरेशन से ब्लैक बेल्ट हासिल किया
