संसद का मानसून सत्र कल से शुरू होगा-प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र कल से शुरू हो रहा है। यह सत्र अगले महीने की तेरह तारीख तक चलेगा। इस दौरान लोकसभा और राज्य सभा की उन्नीस बैठकें होंगी। मानसून सत्र के मद्देनजर आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। यह बैठक संसद के दोनों सदनों के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों का समर्थन लेने के उद्देश्य से बुलाई गई थी।
बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों सदनों में स्वस्थ और सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सुझाव को मूल्यवान बताते हुए भरोसा दिलाया कि इन पर अमल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा के अनुरूप सदन में आम जनता से जुड़े मुद्दों को सौहार्दपूर्ण तरीके से उठाया जाना चाहिए और इस पर सरकार को जवाब देने का मौका दिया जाना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि चर्चा के लिए स्वस्थ माहौल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं, संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि बैठक में तैंतीस दलों के चालीस से अधिक नेता शामिल हुए और उन्होंने कई सुझाव दिए। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी सुझावों को महत्वपूर्ण माना है।

Leave a Reply