नई दिल्ली/नागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही अपने मंत्रिमंडल में विस्तार करते हुए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नए चेहरे शामिल किए हैं। सिंधिया को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमला बोला। सीएम बघेल ने कहा कि एयर इंडिया का लोगो महाराजा है और मोदी सरकार ने इसे बेचने की जिम्मेदारी सिंधिया को सौंपी है। बघेल ने कहा कि एयर इंडिया और सिंधिया दोनों बिकाऊ हैं। महंगाई को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि महंगाई केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ रही है। पहले नोटबंदी किया गया, फिर जीएसटी लाया गया और गलत तरीके से लॉकडाउन लगाया गया। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के कीमतों में बढ़ोतरी महंगाई बढऩे का सबसे बड़ा कारण है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव गिर गए हैं तब भी पेट्रोल और डीजल के बीच प्रतियोगिता हो रही है कि कौन आगे निकलता है। जब पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ती है तब अन्य सामानों के दाम भी बढ़ते हैं।बघेल ने इस दौरान रासायनिक खाद को लेकर केंद्र सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खाद की किल्लत राष्ट्रीय समस्या है। पूरे देश में रासायनिक खाद की किल्लत है। भारत सरकार पूर्ति नहीं कर पा रही है। केंद्र को मांग भेजा गया लेकिन भेदभाव किया जा रहा है। केंद्र की सरकार दुर्भावना से काम कर रही है। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ अन्याय कर रही है।
भूपेश बघेल ने भाजपा को याद दिलाया नसबंदी अभियान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनसंख्या नियंत्रण विधेयक को लेकर भाजपा पर हमला बोला। मुख्यमंत्री बघेल ने इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संजय गांधी के नेतृत्व में चलाए गए नसबंदी अभियान की याद दिलाई। बघेल ने कहा कि भाजपा ने नसबंदी कार्यक्रम का विरोध किया था। अगर उस समय भाजपा ने नसबंदी अभियान का विरोध न किया होता तो आज बढ़ती आबादी काबू में होती। 70 के दशक में कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया होता तो आज आबादी इतनी नहीं होती। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, कानून से यह मुद्दा हल नहीं होगा। इसके लिए जन जागरण की जरूरत है। राजनीति करने के लिए कानून नहीं बनाना चाहिए। पहले भी नारा था- हम दो और हमारे दो या तीन, जिसे आगे बढ़ाना चाहिए। लोगों के जागरूक होने से बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित किया जा सकता है।
