मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक के बाद अब जिलों के दौरे पर जाएंगे- विकास कार्यों का निरीक्षण के साथ आम जनता से करेंगे संवाद

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बार फिर जिलों में जाने को तैयार हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय उनके प्रदेशव्यापी दौरे की एक विस्तृत योजना बना रहा है। जल्दी ही इसकी घोषणा की जाएगी। विभिन्न जिलों के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का जोर विकास कार्यों के निरीक्षण और लोगों से संवाद पर होगा।
छत्तीसगढ़ के कृषि, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया, पिछले 15 दिनों से मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और संबंधित मंत्रियों के साथ विभागों की समीक्षा की है। आज आखिरी समीक्षा थी वह भी हो गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले 15-16 दिनों से विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसकी शुरुआत 25 जून को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा से हुई।
मुख्यमंत्री का प्रदेशव्यापी दौरा अभियान शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। यह सरकार के जनता तक पहुंचने की लगातार चल रही प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री लगातार योजनाओं की निगरानी, मौके पर समीक्षा और उसमें अधिक क्या किया जा सकता है यह चाहते हैं। मुख्यमंत्री यह चाहते हैं कि सरकार लोगों तक पहुंचे।यह दौरा कबसे शुरू होगा अभी यह स्पष्ट नहीं हैं। लेकिन सरकार के सभी विभागों को तैयारी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इससे पहले दिसम्बर 2020 से जनवरी 2021 तक प्रदेश के दौरे पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक जिले में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम किए। सामाजिक संगठनों और जातीय संगठनों से मुलाकात की। कांग्रेस के स्थानीय राजनीति को भी एड्रेस किया। कई जिलों में मुख्यमंत्री रात को भी रुके। असम विधानसभा चुनाव और बाद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ जाने की वजह से करीब चार महीने से ऐसे कार्यक्रम बंद हैं।

Leave a Reply