हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निधन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख प्रकट किया

 रायपुर/ हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आज निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वीरभद्र का निधन सुबह 3.40 बजे हुआ। दोबारा कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से वह शिमला के आईजीएमसी में उपचाराधीन थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता के निधन से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। वह करीब ढाई महीने से आईजीएमसी में दाखिल थे। सोमवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर दाखिल कर दिया था। इसके बाद से वह बेहोशी की हालत में यहां पर उपचाराधीन थे, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। वह 87 साल के थे। आईजीएमसी के एमएस डॉ. जनक राज ने उनकी मौत की पुष्टि की है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इन तीन दिनों के दौरान प्रदेश में कोई भी बड़े आयोजन नहीं होंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने उनके शोकाकुल परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए, ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी को सहने के लिए शक्ति प्रदान करने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि वरिष्ठ नेता श्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और सांसद के रूप में अपने प्रदेश के विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया। वे केंद्रीय मंत्री रहे और छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला।

Leave a Reply