0 विद्यार्थियों को पढ़ाए जाने वाले विषयों पर प्रतिमाह टेस्ट लिया जाएगा
0 ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षा संचालन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश
रायपुर/ आयुक्त लोक शिक्षण डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षा संचालन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि नवीन सत्र प्रारंभ हो चुका है और कोरोना महामारी के कारण वर्तमान में स्कूलों का संचालन नहीं किया जा रहा है। सत्र 2020-21 में कोरोना महामारी से बचाव के निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन कक्षा, मोहल्ला कक्षा एवं अन्य नवाचारी माध्यमों से अध्यापन का कार्य किया जा रहा था। पढ़ई तुंहर द्वार अभियान के नाम से इसे संचालित किया गया था। सत्र 2021-22 में भी पूर्व की भांति ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मोहल्ला/पारा कक्षा का संचालन गत वर्ष की तरह ही किया जाए। मोहल्ला कक्षा के लिए सार्वजनिक स्थलों का चिन्हांकन कर लिया जाए और मोहल्ला कक्षा में उपस्थित होने वाले प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षा के विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन ली जाए। साथ ही उपस्थिति की संख्यात्मक जानकारी का संधारण विकासखंड स्तर पर किया जाए और पोर्टल में एन्ट्री की जाए। मोहल्ला कक्षा संचालन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी रोटेशन आधार पर लगाई जाए। विद्यार्थियों को पढ़ाए जाने वाले विषयों पर प्रतिमाह टेस्ट लिया जाए और एसेसमेंट का रिकार्ड स्थानीय स्तर पर रखा जाए। संज्ञानात्मक एवं सह-संज्ञानात्मक एसेसमेंट का रिकार्ड प्रत्येक विद्यार्थी के रिपोर्ट कार्ड में भरकर समय-समय पर पालकों को अवलोकन कराएं।
