रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में रविवार को मानसूम ने दस्तक दे दी है। अब प्रदेशभर में अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। राजधानी में सुबह से ही बादल मेहरबान हैं। रायपुर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही है। बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की खबर है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा है कि आज पूरे प्रदेश में मानसून पहुंच गया है। मौसम विज्ञानी चंद्रा ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। संपूर्ण छत्तीसगढ़,ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश भाग,पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, संपूर्ण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद,उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच गया है। मानसून की उत्तरी सीमा दीव, सूरत, नंदुरबार, भोपाल, नौगांव, हमीरपुर, बाराबंकी, बरेली, सहारनपुर, अंबाला और अमृतसर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
उन्होंने कहा है कि निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के आसपास के तटीय क्षेत्रों पर बना हुआ है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 2-3 दिनों के दौरान ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी और पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय क्षेत्रों और दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश में उत्तर ओडिशा के बीच कम दबाव के क्षेत्र तक, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई तक स्थित है। एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका 4.5 से 5.8 किमी तक उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी से पश्चिम मध्य अरब सागर तक दक्षिण छत्तीसगढ़, उत्तरी तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण कोंकण होते हुए स्थित है। 14 जून को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने या एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की भी संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
