दुर्ग। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के विद्युत नगर व बोरसी वार्ड में वर्षा ऋतु में जल भराव की स्थिति उत्पन्न होने की लगातार शिकायत रहवासियों द्वारा किए जाने पर विधायक अरुण वोरा ने शहर की सड़क नाली जैसे मूलभूत आवश्यकता के लिए शासन से 17 करोड़ रु की राशि स्वीकृत करवाई है। जिसमें विभिन्न वार्डों में 5.5 करोड़ की लागत से आरसीसी नालियाँ, लंबे समय से मांग की जा रही शिवनाथ नदी मुक्तिधाम पहुंच मार्ग का 4 करोड़ से चौड़ी करण, गौरवपथ उन्नयन एवं संधारण के लिए 6 करोड़ की राशि शामिल है। विधायक वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल ने अधिकारियों के साथ 95 लाख के विद्युत नगर नाला सुदृढ़ीकरण के साथ ही वृंदा नगर चौक से सांस्कृतिक भवन तक प्रस्तावित 35 लाख की सीमेंट सड़क व द्वारकापुरी के पीछे बन रहे प्रधानमंत्री आवास एवं वार्ड 52 की निचली बस्ती को जोड़ने वाली कच्ची नाली के 42 लाख से नव निर्माण के स्थलों का अवलोकन किया। विधायक वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना काल में भी प्रदेश में विकास के पहियों को थमने नहीं दिया है। 17 करोड़ की राशि से होने जा रहे आवश्यक विकास कार्यों का मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल भूमि पूजन कराया जाएगा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने अधिकारियों को जल्द से जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी कर बरसात के पूर्व कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व पार्षद पोषण साहू , एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय सहायक अभियंता जितेंद्र समैया उप अभियंता आर के पालिया उपस्थित थे।
1.75 करोड़ से विद्युत नगर व बोरसी में बनेगी सड़क व नाली, मुख्यमंत्री करेंगे 17 करोड़ के कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन: वोरा
