बीजापुर। बीजापुर जिले के सिलगेर स्थित सीआरपीएफ कैम्प में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है। इस हमले में मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के अनुसार आसपास के ग्रामीण पिछले कुछ दिनों से सिलगेर सीआरपीएफ कैम्प का विरोध कर रहे थे। इसी सिलसिले में आज बड़ी संख्या में ग्रामीण कैम्प के पास जुटे हुए थे। इस दौरान ग्रामीणों की आड़ में माओवादियों द्वारा फायरिंग की गई। सुरक्षा बलों की टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। बस्तर आई.जी. सुंदरराज पी. घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बस्तर आई.जी. ने बताया कि माओवादियों ने ग्रामीणों को भ्रामक जानकारी देकर कैम्प का विरोध करने भेजा था। लेकिन प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बाद आज दोपहर बड़ी संख्या में गांव के लोग कैम्प के पास इकट्ठा हो गए। इस बीच, ग्रामीणों की आड़ लेकर माओवादी कैम्प तक पहुंच गए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। घटना के बाद इलाके की सर्चिंग की गई, जिसमें तीन शव बरामद किए गए हंै, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई हैं। स्थिति नियंत्रण में हैं। आई.जी. ने बताया कि मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
बीजापुर जिले के सिलगेर स्थित सीआरपीएफ कैम्प में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत-ग्रामीणों की आड़ में नक्सलियों ने की फायरिंग
