दुर्ग। प्रधान मंत्री, नरेंद्र मोदी के आह्वान पर और केंद्रीय मंत्री, पेट्रोल, प्राकृतिक गैस और स्टील धर्मेंद्र प्रधान के मार्गदर्शन में भिलाई स्टील प्लांट लगभग 500 बिस्तरों की जम्बो चिकित्सा सुविधा स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। भिलाई स्टील प्लांट के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय और अनुसंधान केन्द्र, सेक्टर-9 में वर्तमान में उपलब्ध सुविधाओं के अलावा इस नई सुविधा में कोविड की उपचार गैसीय ऑक्सीजन (जीओएक्स) के सहयोग से किया जायेगा। जिससे मेडिकल ऑक्सीजन की बचत होगी।
पहले चरण में सेक्टर 03 में मैनेजमेंट ट्रेनी हॉस्टल नंबर 03 में 200 बेड कोविड केयर सेंटर स्थापित करने की योजना है। प्लांट में सबसे उपयुक्त बिंदु से पाइप लाइन के माध्यम से गैसीय ऑक्सीजन हॉस्टल तक लाया जाएगा। हॉस्टल के 75 कमरों में 150 बिस्तर और दो हॉल में लगभग 25-25 बेड होंगे। प्रारंभिक योजना के अनुसार यह नया कोविड केंद्र मई 2021 के अंत तक तैयार हो जाने की योजना है।
इस नई कोविड उपचार केन्द्र के निर्माण से न सिर्फ जिले में कोविड उपचार के बिस्तरों की संख्या में इजाफा होगा बल्कि लिक्विड मैडिकल ऑक्सीजन की बचत भी होगी।
जेएलएन हॉस्पिटल सेक्टर 9 में अतिरिक्त 5 वेंटिलेटर लगाए गए
जे एल एन हॉस्पिटल सेक्टर 9 की तात्कालिक जरूरतों के मद्देनजर इन 5 अतिरिक्त वेंटिलेटर की खरीदी को सयंत्र के मटेरियल मैनेजमेंट विभाग ने इमरजेंसी बेसिस पर प्रोसेस किया। कल इन 5 अतिरिक्त वेंटिलेटर्स को जे एल एन हॉस्पिटल में असेम्बल कर हॉस्पिटल के आई सी यू मे स्थापित किया है। इन नए वेंटिलेटर के लगने के पश्चात अब जे एल एन हॉस्पिटल में वेंटिलेटर की कुल संख्या अब 24 हो गयी है। इसके अतिरिक्त, कोविड के गंभीर मरीजों के ट्रीटमेंट हेतु हॉस्पिटल में 20 सी-पेप और 10 बाई-पेप मशीनें भी लगाई जा चुकी हैं।
