भाटापारा। पूरे प्रदेश में थोक बाजारों के लिए जिलों के अनुसार अलग-अलग समय का निर्धारण किए जाने की जरूरत है, जबकि वर्तमान में ऐसा होता दिखाई नहीं देता है। जो रायपुर में समय दिया गया है वही समय करीब-करीब हर जिले में दे दिया गया है जो कि कहीं से भी उचित दिखाई नहीं पड़ता है। रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी है और रायपुर से ही पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग थोक सामानों की आपूर्ति होती है और हर जिले में जिले के अनुसार थोक व्यापारियों की संख्या होती है, इसलिए जिले के अनुसार थोक व्यापारियों को अलग-अलग समय अलग-अलग जिलों में दिया जाना जरूरी है ,नहीं तो सप्लाई की चैन टूटने में देर नहीं लगेगी। इस मामले को प्रदेश सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए और संज्ञान में लेते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाना चाहिए। बलौदा बाजार भाटापारा जिले में भी रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक थोक दुकानों को व्यापार करने की अनुमति दी गई है। अन्य जिलों की भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति है जबकि बलौदा बाजार भाटापारा जिला अथवा मुंगेली जिला या अन्य कोई जिला जो छोटे जिलों की श्रेणी में आते हैं वहां पर पूरे जिले भर में 20 से 25 थोक दुकानदारों की संख्या होती होगी, इसलिए जिलों के अनुसार और थोक व्यापारियों की संख्या के अनुसार समय का निर्धारण किया जाना उचित होगा। बलौदा बाजार भाटापारा जिले में रात 8 बजे से रात 12 बजे तक का समय दिया जाना उचित होगा। यह समय डिलीवरी देने के लिए होना चाहिए जबकि जो गाड़ियां बाहर से आती है उन्हें किसी भी समय खाली करने की अनुमति दिए जाने की जरूरत है। फुटकर व्यापारियों से बात करने से पता चलता है कि उनकी भी यही राय है की जिलों के अनुसार थोक व्यापारियों का समय निर्धारण होना चाहिए ना की रायपुर के जैसा। उनका कहना है कि यदि सप्लाई चैन बराबर रहेगी तो सामानों की कमी नहीं हो पाएगी और उपभोक्ताओं को जरूरत के समान समय पर मिल सकेंगे अन्यथा की स्थिति में जरूरत के सामानों में भी कमी आ सकती है। थोक व्यापारियों से बात करने पर उनका कहना था कि जो समय प्रशासन की ओर से दिया गया है उसमें वह लोग सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करते हुए कार्य कर रहे हैं अच्छा होता कि यह समय रात 8 से 12 तक का दिया गया होता तो वैसे भी लॉक डाउन होने की वजह से सुबह से लेकर रात तक सड़कें सूनी रहती है और लोग घरों से नहीं निकलते हैं इसलिए यदि बलौदा बाजार भाटापारा जिले मैं समय सीमा परिवर्तित की जाती है तो यह सब के लिए सुविधाजनक होगा।
भाटापारा जिले में थोक सामानों की आपूर्ति का समय रात 8 से 12 बजे के बीच हो
