18 से 45 आयु वर्ग का दुर्ग शहर में टीकाकरण प्रारंभ, अंत्योदय कार्ड धारियों से शुरुवात ऐतिहासिक निर्णय: वोरा

दुर्ग। प्रदेश के साथ ही 1 मई को दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के 60 वार्डों में निवासरत 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग को भी प्रदेश सरकार द्वारा वैक्सीनेशन की शुरुवात की गई। जिसका शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल द्वारा सिकोला भाठा स्थित सेंटर में किया गया। विधायक अरुण वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्णय की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से अत्यंत पिछड़े अंत्योदय राशन कार्ड धारियों से टीकाकरण की शुरुवात करके सरकार ने अपनी मंशा स्पष्ट कर यह बता दिया है कि वो अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के साथ खड़ी है। उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे टीकाकरण में आरक्षण के आरोपों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार वैक्सीनेशन कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार है प्रदेश में 3 लाख डोज प्रतिदिन लगाने का इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यरत है किंतु केंद्र ने वैक्सीन आपूर्ति के लिए कोई गाइड लाइन ही जारी नहीं किया है ना ही टीकों की आपूर्ति सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 50 लाख डोज का आर्डर कर दिया गया है किंतु केवल 1 लाख डोज की आपूर्ति हुई है इसलिए शासन ने अत्यंत गरीब जिनकी पहुंच से निजी अस्पताल और महंगा इलाज दूर है उनसे शुरुवात करने का निर्णय लिया है। टीकाकरण सभी वर्ग के लोगों का मुफ्त किया जाएगा इस पर राजनीति करने की जगह भाजपा नेताओं को प्रधानमंत्री से वैक्सीन आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह करना चाहिए। सिकोला भाठा में टीकाकरण के तृतीय चरण की शुरुवात कु. ममता व जॉन विलियम को टीका लगाकर की गई इस दौरान आयुक्त हरेश मंडावी, कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी एल्डरमैन अंशुल पांडेय मौजूद थे।

Leave a Reply