शहर के 1.07 लाख युवाओं का 1 मई से 45 सेंटरों में होगा वैक्सीनेशन : वोरा – मुख्यमंत्री की पहल पर कांग्रेसी विधायकों की निधि होगी वैक्सीन पर खर्च

दुर्ग। देश में कोरोना की दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप के बीच केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं के टीकाकरण की अनुमति दी गई है जिसका खर्च राज्य सरकारों को खुद वहन करना है। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर इस दिशा में सार्थक कदम उठाते हुए कांग्रेसी विधायकों ने अपने विधायक निधि के 2-2 करोड़ की राशि से वैक्सीन की खरीदी करने में राज्य शासन को सहयोग देने हेतु सहमति बनाई है। 2 करोड़ की राशि से लगभग 50 हजार वैक्सीन शहर के लिए मंगवाई जा सकती है। श्री वोरा ने वैक्सीन अभियान को तेज करने व वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाने के संबंध में निगम अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड में पृथक पृथक सर्वसुविधायुक्त वैक्सीनेशन सेंटर तैयार कर लिए जाएं जिससे अधिक भीड़ एकत्रित होने से बचा जा सके। टेस्टिंग ट्रेसिंग के साथ ही वैक्सीन अभियान भी तेजी से चलाने की आवश्यकता है ताकि कोरोना की दूसरी वेव से जनता को जल्द से जल्द राहत मिल सके। आवश्यकता पड़ने पर अधिक आबादी वाले वार्डों में 2 सेंटरों की भी व्यवस्था की जाए व मोबाइल टीमों को एक्टिव किया जाए। केंद्र सरकार से वैक्सीन आपूर्ति के लिए शासन स्तर पर लगातार बात चल रही है पर वैक्सीन आने से पहले तैयारी पूर्ण कर लेना जरूरी है। अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 45 स्थानों को चिन्हित किया गया है व अतिरिक्त वैक्सीनेटरों की भी मांग स्वास्थ्य विभाग से की गई है। जैसे जैसे दवा की आपूर्ति होगी टीकाकरण अभियान को निर्बाध रूप से जारी रखा जाएगा।
पोटिया में निर्माणाधीन भवन में टेस्टिंग सेंटर देख वोरा ने किया जवाब तलब
पोटिया चौक में 75 लाख की लागत से बन रहे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की निर्माणाधीन बिल्डिंग में कोविड टेस्टिंग सेंटर के निरीक्षण में पहुंचे। अधूरे निर्माण में सेंटर चलाने पर विधायक वोरा ने अफसरों से जवाब तलब किया। गौरतलब है कि यूपीएचसी पोटिया अब तक किराए के भवन में संचालित किया जा रहा है वोरा के प्रयासों से ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वयं के भवन निर्माण के लिए 75 लाख की स्वीकृति दी गई थी। सीजीएमएससी द्वारा कराए जा रहे निर्माण में स्थल चयन से लेकर कार्य की मॉनिटरिंग तक विधायक लगातार सक्रिय रहे। किन्तु ठेकेदार की मृत्यु हो जाने के कारण निर्माण अधूरा रह गया है जहां बांस बल्लियों के बीच कोरोना टेस्ट करवाया जा रहा है। उन्होंने जनसुरक्षा को पहली प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply