दुर्ग । भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के द्वारा काम बंद हड़ताल का नेतृत्व कर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई है जिसके तहत प्रबंधन ने चार कर्मचारियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करने तथा 13 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है । जबकि 19 को शो काज नोटिस जारी कर हड़ताल के संबंध में जवाब मांगा गया है।
गौरतलब हो कि 23 अप्रैल को सेल प्रबंधन एवं यूनियन के मध्य हुई एनजेसीएस की बैठक में वेतन समझौता नहीं होने के बाद आक्रोशित भिलाई इस्पात संयंत्र के युवा कर्मचारियों के द्वारा 23 अप्रैल की रात्रि ही यूनिवर्सल रेल मिल में काम बंद कर दिया गया था। दूसरे दिन 24 अप्रैल को रेल मिल ,बार रॉड मिल, वायर रॉड मिल, मर्चेंट मिल, ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक 8, पावर प्लांट पीबीएस 2 में भी काम बंद कर दिया गया था। आज भी उपरोक्त सभी मिल्स में उत्पादन ठप रहा । दिनभर प्रबंधन के द्वारा आंदोलनकारियों से किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं की गई। देर शाम को भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के द्वारा इस आंदोलन के लिए नेतृत्वकर्ता 4 युवा कर्मचारियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराने का निर्णय लिया गया तथा 13 युवा कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इस आंदोलन में शामिल 19 अन्य कर्मचारियों को शो काज नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है।
काम बंद हड़ताल करने वाले 4 कर्मियों के खिलाफ प्रबंधन दर्ज कराएगा एफ आई आर, 13 युवा कर्मी निलंबित, 19 को शो कॉज नोटिस जारी
