लॉकडाउन: राज्य के 7 जिलों में 5 मई तक बढ़ा

फल, सब्जी, किराना सामान की होगी होम डिलीवरी, आदेश जारी
रायपुर/
छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बेमेतरा, सूरजपुर, जशपुर और कांकेर जिले में 5 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया हैं। इस संबंध में इन सभी जिलों के कलेक्टरों ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस दौरान फल, सब्जी, किराना सामान की होम डिलीवरी की छूट होगी।
रायपुर में एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ाया गया है। प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चैबे ने इसकी पुष्टि की है। मंत्री ने कहा कि कलेक्टर जल्द ही आदेश जारी करेंगे, इसके अलावा कलेक्टर लॉकडाउन की गाइडलाइन भी जारी करेंगे। मंत्री चौबे ने बताया कि कलेक्टर कुछ देर बाद व्यापारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद आदेश जारी किया जाएगा।
राजनंदगांव जिले में कोरोना बेकाबू होने की वजह से जिला प्रशासन ने आज लाकडाउन 5 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। जिला प्रशासन का कहना है कोरोनावायरस रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ सरकार राजनांदगांव जिले में मेडिकल अस्पताल संसाधन की अच्छी व्यवस्था की है, जिसकी वजह से पिछले महीनों की तुलना में कोरोना नियंत्रण होता जा रहा है किसी और नियंत्रण करने के लिए 5 मई तक लॉकडाउन में इजाफा किया गया है, जिससे कि कोरोना के चैन तोडऩे में हम सफल होंगे।
इसी तरह, धमतरी कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने गत 11 अप्रैल से 26 अप्रैल तक जिले में पूर्णतया तालाबंदी (लॉकडाउन) का आदेश दिया था। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण की दर को दृष्टिगत करते हुए जनहित तथा जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तालाबंदी की तिथि में वृद्धि करते हुए इसे आगामी पांच मई तक बढ़ाने का आदेश जारी किया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व में उल्लेखित छूट एवं प्रतिबंध यथावत् रहेंगे तथा 24 अप्रैल से अतिरिक्त गतिविधियों के संचालन में छूट दी गई है। इसके तहत मीट, मछली एवं चिकन की दुकानें सुबह आठ बजे से सुबह 10 बजे तक खुली रहेंगी।
उधर बेमेतरा कलेक्टर शिवअनंत तायल ने भी जिले में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के मद्देनजर लाकडाउन 5 मई की सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व उल्लेखित छूट एवं प्रतिबंध यथावत रहेंगे, वहीं विवाह और अंतिम संस्कार जैसे कार्यक्रम में 10 लोग ही शामिल हो सकेंगे।
सूरजपूर जिले से इसकी शुरूआत हो गई है। सूरजपुर कलेक्टर ने 5 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का आदेश जारी किया है। हालांकि लॉकडाउन में थोड़ी राहत दी है। जिला प्रशासन ने स्ट्रीट वेंडर द्वारा सब्जी, फल, किराना समान बेचने की छूट दी है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने लॉकडाउन का नया आदेश जारी किया है।
इसी तरह जशपुर और कांकेर जिले के कलेक्टरों ने भी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने लाकडाउन 5 मई तक बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इन जिलों में भी लाकडाउन के दौरान पूर्व उल्लेखित छूट एवं प्रतिबंध यथावत रहेंगे।

Leave a Reply