प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5 लाख से पार

रायपुर। प्रदेश में, कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पांच लाख को पार कर गई है। राज्य में कल कोरोना संक्रमण के पंद्रह हजार दो सौ छप्पन नये मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पांच लाख एक हजार से अधिक हो गई। वर्तमान में एक लाख इक्कीस हजार से अधिक मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में चल रहा है। वहीं, कोरोना संक्रमण से कल एक सौ पांच लोगों की भी मौत हुई है।
इधर, धमतरी जिले की भाजपा नेत्री और मगरलोड जनपद पंचायत की पूर्व सभापति संतोषी साहू की आज कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वहीं, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कोरबा जिला महामंत्री डाॅक्टर महेन्द्र तेंदुवे का भी कोरोना संक्रमण से निधन हो गया।
उधर, जांजगीर-चांपा जिले के दो गांव – सत्तीगुड़ी और नवागांव कोरोना का हाॅटस्पाॅट बना हुआ है। सत्तीगुड़ी में अब तक एक सौ पैंतीस मरीज मिले हैं। जबकि, नवागांव में बावन कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल तथा उनकी पत्नी शशि अग्रवाल की कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजीटिव आई है। श्री अग्रवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
इस बीच, राज्य में रोजाना सैंतालीस हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। पिछले महीने जांच की संख्या प्रतिदिन औसतन तीस हजार थी, जो इस माह बढ़कर सैंतालीस हजार से अधिक हो गई है।
वहीं, रायपुर जिले की सभी चार सौ सत्रह ग्राम पंचायतों में क्वारेंटाइन सेंटरों की व्यवस्था कर ली गई है। इन सेंटरों में बाहर से आने वाले श्रमिकों तथा नागरिकों के रूकने और ठहरने के साथ ही पेयजल, सूखा राशन, बिजली, सुरक्षा और शौचालय की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply