कोरोना: प्रदेश के 04 और जिलों में आज से लाॅकडाउन, बस्तर कल से होगा लाॅक

रायपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश के चार और जिलों में आज से लाॅकडाउन लागू हो गया है। इनमें बिलासपुर, बलरामपुर, महासमुंद और रायगढ़ जिला शामिल है। वहीं, बस्तर जिले में कल पंद्रह से बाईस अपै्रल तक लाॅकडाउन लागू करने का निर्णय लिया गया है।
बिलासपुर जिले में आज से लागू हुआ लाॅकडाउन इक्कीस अपै्रल तक चलेगा। इस दौरान जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। इससे पहले, कल पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकालकर शहर का भ्रमण किया और लोगों से लाॅकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं, आज कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने पूरे शहर का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इसी तरह, बलरामपुर, महासमुंद और रायगढ़ जिले में भी आज से लाॅकडाउन शुरू हो गया है। महासमुंद जिले में लाॅकडाउन के दौरान जिले की पंद्रह अंतर्राज्यीय और अंतर्जिला सीमाओं को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। सीमा पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नजर रखी जा रही है। वहीं, रायगढ़ जिले में लाॅकडाउन के पहले दिन आज शहर में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस की टीम शहर में दिनभर पेट्रोलिंग करती रही। उधर, कोंडागांव जिला कलेक्टर ने जिले में लाॅकडाउन की संभावना से इंकार किया है। उन्होंने कहा है कि जिले में सख्ती बढ़ाई जाएगी। सभी सीमाओं पर जांच केन्द्र बनाया गया है।

Leave a Reply