नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा स्थगित कर दी है और दसवीं की परीक्षा रद्द कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सरकारी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने देशभर में अगले महीने निर्धारित सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के बारे में विचार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की भलाई, सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार, विद्यार्थियों के हितों का ध्यान रखेगी और सुनिश्चित करेगी कि उनके स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए और साथ ही उनकी पढ़ाई का भी नुकसान न हो।
कोविड की मौजूदा स्थिति, स्कूलों के बंद होने और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित की गई है। पहली जून को स्थिति की समीक्षा के बाद परीक्षा के बारे में फैसला किया जायेगा। आज की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दसवीं बोर्ड की परीक्षा रद्द कर दी जाएगी और परिणामों को बोर्ड द्वारा विकसित प्रक्रिया के आधार पर तैयार किया जायेगा। कई राज्यों ने कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने की मांग की थी।
सरकार ने सीबीएसई की 12वीं की परीक्षाएं स्थगित की, 10वीं की परीक्षा रद्द।
