नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई और ताकत से लड़ी जायेगी: अमित शाह- नक्सलियों के मांद में हम घुस चुके हैं इस बौखलाहट में नक्सली ऐसे कृत्य कर रहे हैं: भूपेश बघेल

जगदलपुर/ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जगदलपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि मैं देश और शहीदों के परिजनों को आश्वस्त करता हूं जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं होगी। श्री शाह ने कहा  कि पिछले कुछ सालों में नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने इसे और आगे बढ़ाने का काम किया है। हम दो मकाम और आगे बढ़ गए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और फोर्स के अफसरों के साथ आज हुई इस बैठक में सुरक्षा अधिकारियों का सुझाव आया है कि इस नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई की गति को किसी भी तरह से कम न किया जाए।  ऐसे सुझावों से  पता चलता है कि जवानों का हौसला बुलंद है। नक्सलियों के खिलाफ यह लड़ाई अब रूकेगी नहीं और गति से साथ आगे बढ़ेगी। इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचायेंगे और अंत में नक्सलियों के खिलाफ हमारी विजय निश्चित है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच-छ: वर्षों में छत्तीसगढ़ में जितने कैम्प अंदरूनी क्षेत्रों में स्थापित करने थे, उसमें हमें काफी सफलता मिली है। इससे झुंझलाकर नक्सलियों ने ऐसे कृत्य किये है।शाह ने कहा कि विकास के मोर्चे पर भी कई सारे कार्य हुए हैं। कोरोना की वजह से थोड़ा ब्रेक जरूर लगा है।श्री शाह ने कहा कि जितने भी सुझाव छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री तथा यहां के सांसदों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से मिले हैं, उन सभी पर काम किया जा रहा है।
गृहमंत्री ने कहा कि आदिवासी इलाकों में जहां एक ओर विकास के काम को तेज करना और दूसरी ओर नक्सलियों के खिलाफ  लड़ाई को तीव्रता के साथ आगे बढ़ाना और उसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए दोनों मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई लॉजिकल एण्ड तक ले जाने के लिए भारत सरकार की प्राथमिकता पहले से ही तय की हुई है।केन्द्रीय मंत्री ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मैं देश को आश्वस्त करता हूं कि ये लड़ाई रुकेगी नहीं बल्कि और गति के साथ आगे बढ़ेगी और हम इसे अंजाम तक लेकर जाएंगे. अंत में नक्सलवादियों के खिलाफ  हमारी विजय निश्चित है। श्री शाह ने शहीद जवानों के परिजनों से कहा कि आपके पुत्र, पति, भाई ने देश के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है उसे देश कभी नहीं भुलेगा, उन्होंने जिस उद्वेश्य के लिए अपना बलिदान दिया है उसे हम जरूर पूरा करेंगे। संकट के इस घड़ी में पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
पत्रवार्ता में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जवानों ने बहुत बहादुरी से नक्सलियों से ‘युद्धÓ किया। इसमें डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा बटॉलियन और सीआरपीएफ के जवान शहीद हुए है। इस एनकाउंटर में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गए हैं, लेकिन नक्सली उनके शव व हथियार ले गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार ट्रेक्टरों में नक्सलियों ने मारे गए नक्सलियों के शव तथा घायल नक्सलियों को ले गए है।  दो-चार दिन में ये संख्या सामने आ जाएगी। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भी भारी क्षति हुई है। जहां मुठभेड़ हुई, वो नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। नक्सलियों के गढ़ में कैम्प खुलने से वे बौखला हुए है और इसी बौखलाहट में नक्सली ऐसे कदम उठा रहे हैं। जल्द ही नक्सलियों के दूसरे मांद इलाकों में कैंप खोले जाएंगे। नक्सली अब सीमित दायरे में सिमट गए हैं। केंद्र के साथ पूरे समन्वय के साथ काम हो रहा है। नक्सलियों के मांद में हम पहुंच चुके है और अब बहुत जल्दी उनका खात्मा निश्चित है।


Leave a Reply