नई दिल्ली/ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इस सूची में 30 नेता शामिल हैं। इनमें पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सचिन पायलट, नवजोत सिंह सिद्धू, अभिजीत मुखर्जी और मोहम्मद अजहरुद्दीन का नाम शामिल है। छत्तीसगढ़ से एकमात्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्टार प्रचारक के रुप में शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल में वाम दलों और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन में बनी सहमति के मुताबिक, कांग्रेस 2016 की तरह इस बार भी 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
बता दें कि इस बार पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न होगा। पिछले विधानसभा में सात चरण थे। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। तीसरे चरण का चुनाव छह अप्रैल को 31 विधानसभा सीटों पर होगा।
चौथे चरण का मतदान 10 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। पांचवें चरण का मतदान 17 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। छठे चरण में 22 अप्रैल को 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। सातवें चरण में 26 अप्रैल को 36 विधानसभा सीटों पर और अंतिम व आठवें चरण में 29 अप्रैल को 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा।
कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक ये 30 नेता
सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, कैप्टन अमरिंदर सिंह, भूपेश बघेल, कमलनाथ, अधीर रंजन चौधरी, बीके हरि प्रसाद, सलमान खुर्शीद, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, अब्दुल मन्नान, प्रदीप भट्टाचार्य, दीपा दासमुंशी, एएच खान चौधरी, अभिजीत मुखर्जी, दीपेंद्र हुड्डा, अखिलेश प्रसाद सिंह, रामेश्वर ओराओं, आलमगीर आलम, मोहम्मद अजहरुद्दीन, पवन खेड़ा और बीपी सिंह।
