भारत ने इंग्लैंड को चौथे टेस्ट में हराकर चार मैचों की सीरीज 3-1 से जीती- ऋषभ पंत को मिला मैन ऑफ द मैच, अश्विन बने मैन ऑफ द सीरीज

नई दिल्ली/ भारत ने इंग्लैंड को अहमदाबाद में चौथे टेस्ट में हराकर चार मैचों की सीरीज 3-1 से जीत ली है। टीम इंडिया ने मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड को 135 रन पर ऑलआउट कर एक पारी और 25 रन से हरा दिया। टीम इंडिया की जीत के हीरो ऋषभ पंत रहे और उन्हें मैन ऑफ द मैच मिला। उन्होंने सेंचुरी लगाकर टीम इंडिया को पहली पारी में संकट से निकाला। इसी के साथ उन्होंने शानदार विकेटकीपिंग भी की। रविचंद्रन अश्विन को सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। उन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए। पहली पारी में उन्होंने तीन विकेट चटकाए थे।अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन की शानदार गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों की एक नहीं चली और पूरी टीम दूसरी पारी में महज 135 रन बनाकर ऑलआउट हुई। अक्षर और अश्विन ने दूसरी इनिंग में पांच-पांच विकेट अपने नाम किए।

अक्षर पटेल और अश्विन का जादू चौथे टेस्ट मैच में भी जमकर चला और यह दोनों स्पिन गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहले साबित हुए। अक्षर और अश्विन ने चौथे टेस्ट की दोनों पारियों को मिलाकर कुल 17 विकेट अपने नाम किए। अश्विन और अक्षर की जोड़ी ने पूरे टेस्ट सीरीज में अपनी गेंदबाजी से कोहराम मचाया। दोनों स्पिन गेंदबाजों के दम पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की। विराट कोहली चौथे टेस्ट मैच में भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और पहली पारी में बिना खाता खोले बेन स्टोक्स का शिकार बने। विराट ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने के मामले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है। इस सीरीज में कोहली दूसरी बार शून्य पर आउट हुए। कोहली का बल्ला काफी समय से शांत चल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने टीम इंडिया की जीत की कहानी लिखी। पंत ने भारतीय पारी को मुश्किल समय में संभाला और अपनी फिफ्टी पूरी होने के बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतकीय पारी खेली। पंत ने महज 118 गेंदों पर 101 रनों की आतिशी पारी खेली। पंत की सूझबूझ भरी पारी की बदौलत भारत की टीम ने टेस्ट मैच में वापसी करते हुए पहली पारी के आधार पर 160 रनों की बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में बैटिंग से सनसनी फैलाने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 96 रनों की नाबाद पारी खेली। सुंदर भले ही अपने शतक से चार रन से चूक गए, लेकिन उनकी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने मैच पर अपनी पकड़ काफी मजबूत की। सुंदर ने सातवें विकेट के लिए पहले पंत के साथ मिलकर 113 रनों की साझेदारी की और उसके बाद अक्षर पटेल के साथ मिलकर उन्होंने 106 रनों की पार्टनरशिप की।

पोस्ट मैच सेरेमनी में मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेने पहुंचे ऋषभ पंत ने कहा कि मुझे लगता है कि मैंने जो अभ्यास किया उससे मेरा विश्वास बढ़ा और अच्छी बल्लेबाजी कर मैंने उस विश्वास को विकेटकीपिंग में ट्रांसफर किया। दबाव में खेली गई यह पारी काफी खास थी। एक समय हम हमारा स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 146 रन था और हम मुश्किल स्थिति में थे। जब टीम को आपकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो प्रदर्शन करने से अच्छा कुछ नहीं है। पंत ने चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में 101 रन बनाए और सांतवे विकेट के लिए सुंदर के साथ शतकीय साझेदारी की। पंत ने तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को रिवर्स फ्लिक लगाते हुए चौका जड़ा था। जब उनसे पूछा गया कि वह आगे भी ऐसा करना चाहेंगे तो उन्होंने कहा मौका मिला तो जरूर। अगर किसी तेज गेंदबाज को आगे मुझे रिवर्स फ्लिक शॉट लगाने का मौका मिलेगा तो मैं जरूर लगाउंगा। अश्विन ने इस सिरीज में 32 विकेट हासिल किए। इस दौरान अश्विन ने 30वीं बार पारी में 5 विकेट लेने का कमाल किया। अश्विन ने सिरीज में एक सेंचुरी के साथ 189 रन भी बनाए। उन्होंने इस सिरीज में विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाजों से भी ज्यादा रन बनाए। अश्विन ने इस सिरीज में टेस्ट क्रिकेट में अपने 400 विकेट भी पूरे किए। अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पांचवी सेंचुरी भी इस सिरीज में ठोकी।

Leave a Reply