सदन में जब रमन ने जताई भूपेश बघेल की सुरक्षा पर चिंता

रायपुर/  पंचम विधानसभा में एक अभूतपूर्व प्रसंग सामने आया जब पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से प्रश्न पूछा इस स्थिति का उल्लेख स्वयं अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन में करते हुए इसे सदन के लिए सुखद संयोग बताया । रमनसिंह ने शासन द्वारा एनएसओपी परमिट के बगैर हेलीकाप्टर किराये पर एक प्रोपराइटरी कंपनी से लिए जाने को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक बताते हुए,पूछा की क्या आगे भी इस प्रकार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी ? जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रमनसिंह की चिंता पर ध्यान रखे जाने की बात की और कहा कि इसका परीक्षण करा लेंगे। भूपेश बघेल ने यह भी बताया कि यह एग्रीमेंट 2013 में पिछली सरकार ने किया था। उन्होंने प्रश्न के जवाब में बताया कि 2019 से 31 दिसंबर 2020 तक 6 कंपनियों से हेलीकाप्टर किराये पर लिया गया है। उनमें एक कंपनी रायपुर की छतीसगढ़ एविएटर कंपनी भी है। आपने इस पर चिंता जताई है, यह कंपनी डीजीसीए से लाइसेंस प्राप्त है , कोई खतरा नहीं है , फिर भी आपके कहने के अनुसार हम इसका परीक्षण करा लेंगे। डॉ. रमन सिंह ने अपनी बात शुरू करने के पहले कहा कि मेरा प्रश्न मुख्यमंत्री की सुरक्षा की चिंता से जुड़ा हुआ है। जिस कंपनी को एनएसओपी परमिट नहीं है उससे हेलीकाप्टर मुख्यमंत्री के लिए लिया जाना सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है,क्या इस प्रक्रिया को रोका जाएगा या नहीं ? इस बात पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में कहा कि उक्त कंपनी को डीजीसीए से लाइसेंस प्राप्त है ,किसी प्रकार का खतरा नहीं है। हम फिर भी इसका परीक्षण करा लेंगे। सदन ने दोनों मुख्यमंत्री के सवाल जवाब का आनंद उठाया।

Leave a Reply