छत्तीसगढ़ विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश – जीडीपी में गिरावट, कृषि और सेवा क्षेत्र में वृद्धि का अनुमान, प्रति व्यक्ति आय में भी कमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन आज सदन में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की गई। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखा। आर्थिक सर्वेक्षण में सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में वर्ष दो हजार उन्नीस-बीस की तुलना में एक दशमलव सात-सात प्रतिशत की गिरावट अनुमानित है। वहीं, कृषि और संबद्ध क्षेत्र में चार दशमलव छह-एक प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। उद्योग क्षेत्र में पांच दशमलव दो-आठ प्रतिशत की कमी, जबकि सेवा क्षेत्र यानी सर्विस सेक्टर में शून्य दशमलव सात-पांच प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
आर्थिक सर्वेक्षण में यह बात भी सामने आई है कि कोरोना संक्रमण के कारण राज्य की प्रति व्यक्ति आय में पिछले साल की तुलना में शून्य दशमलव एक-चार प्रतिशत की कमी आई है। प्रति व्यक्ति आय एक लाख पांच हजार नवासी रूपये से घटकर एक लाख चार हजार नौ सौ तैंतालीस रूपये हो गई है।
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने के बाद सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में सरकार की कुशल नीतियों के कारण विपरीत परिस्थितियों में भी राज्य का प्रदर्शन देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर रहा है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद की दर में कमी होना चिंता की बात है। इसका असर छत्तीसगढ़ के जनजीवन और विकास पर पड़ेगा।

Leave a Reply