दुर्ग/ वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा का दो दिवसीय बस्तर प्रवास में धुंआधार दौरा कर लौट आए हैं। पहले दिन जहां उन्होंने कांकेर, चितौद एवं चारामा में स्थित गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। विधायक वोरा भंडारगृह निगम की जिममेदारी मिलते ही अपनी पूरी सक्रियता से गोदामों को बेहतर बनाने एवं सुविधाओं को बढ़ाने में जुटे हुए हैं। 42 हजार एमटी से अधिक क्षमता वाले कांकेर गोडाऊन में ब्रांच मैनेजर की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष वोरा ने नाराजगी जताई एवं सभी ब्रांच मैनेजरों को पीक समय मे अपने अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करने कहा। सीलन एवं अव्यवस्था पर कांकेर गोदाम में आवश्यक कार्यों को तत्काल प्रभाव से ठीक करवाने का निर्देश देने के बाद 54 हजार एमटी की क्षमता वाले चितौद गोदाम पहुंचे।
वहीं दूसरे दिन दंतेवाड़ा जिले में मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने गीदम में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के 35 सौ एमटी क्षमता के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जहां प्रबंधक एवं कर्मचारियों ने शीट बदलने एवं फायर स्प्रेयर की आवश्यकता बताई। गोदाम की व्यवस्था से चेयरमैन वोरा संतुष्ट नजर आए उन्होंने कहा कि खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है किसी भी गोदाम में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी कॉर्पोरेशन के लोक कर्म विभाग को संधारण एवं मरम्मत का बजट बनाने के निर्देश दिए गए हैं जल्द ही सभी छोटी बड़ी कमियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि इस वर्ष किसानों से अन्न के एक एक दाने की खरीदी भूपेश सरकार द्वारा की गई है , धान की मिलिंग के बाद पीडीएस के चावल को वेयरहाउसिंग निगम द्वारा पूरी सुरक्षा से भंडार किया जाएगा एवं लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बस्तर क्षेत्र की खूबसूरती सौंदर्यीकरण के कार्यों एवं स्वच्छता का भी निरीक्षण किया और कहा कि प्रदेश में जहां भी सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता की अच्छी व्यवस्था है उससे सीख लेते हुए उसे ग्राह्य करना चाहिए।
