धमतरी/ जिले में हाथियों का उत्पात जारी है। ग्राम कसावाही के बाद हाथियों की आमद पंडित रविशंकर जलाशय (गंगरेल बांध ) तक हो गई है। देर रात 11से 12 बजे के बीच पहुंचे हाथियों ने गंगरेल गार्डन में जमकर उत्पात मचाया है। यहां पर सीसी टीवी कैमरा, पेड़, झूलों के टूटने से लगभग पांच लाख का नुकसान हो गया है।
दो जंगली हाथी गंगरेल पहुंच गए। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। रुद्री से गंगरेल मार्ग फिलहाल सुबह से बंद कर दिया गया है। लोग इस मार्ग से वापस उल्टे पांव लौट रहे।
सोरम व खिड़कीटोला के बाद 19 फरवरी को दो जंगली हाथी जंगल मार्गों से होते हुए गंगरेल बांध में पहुंच गए है। गंगरेल बांध के प्रवेश द्वार के पास बने पांच करोड़ के आकर्षित गार्डन में हाथी घुस गए। यहां के पौधे, गेट, सीसी टीवी समेत कई सामाग्रियों को तोड़फोड़ कर तहस-नहस कर दिया है, इससे भारी नुकसान हुआ है। गंगरेल बांध में हाथियों के आने की खबर के बाद क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी तैनात हो गए हैं। वहीं रुद्री,गंगरेल, मरादेव व आसपास के गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की खबर मिलने के बाद रुद्री पुलिस अधिकारी व जवान भी वहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था बनाने में तैनात हो गए हैं। वन विभाग और पुलिस प्रशासन फिलहाल हाथियों के लोकेशन पर लगातार नजर रखे हुए हैं, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना फिर न हो। गंगरेल बांध क्षेत्र में हाथी आने की खबर के बाद से रुद्री – गंगरेल मार्ग में सैलानियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इससे लोग वापस लौट रहे हैं।
