दुर्ग/ निगम क्षेत्र में विधायक वोरा के प्रयासों से बहुप्रतीक्षित ठगड़ा बांध के सौंदर्यीकरण हेतु 14 करोड़ की राशि लाई गई है। पूर्ववर्ती निगम की भाजपा सरकारों के दौरान लगातार जनभावनाओं की अनदेखी की गई किन्तु कांग्रेस सरकार आते ही ठगड़ा बांध को पिकनिक स्पॉट में विकसित करने का कार्य अब प्रारंभ हो गया है। विधायक वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल के निरीक्षण के दौरान बांध के चारो ओर रिटर्निंग वाल के नाम पर कांक्रीट के जंगल देख वोरा ने नाराजगी जताई उन्होंने निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता के पैसों का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए , दीवार खड़ी करने की जगह राज्य स्तरीय पर्यटन स्थल विकसित करते हुए जनता के मनोरंजन एवं पर्यावरण सुधार हेतु ग्रीनरी एवं सुंदर लैंडस्केपिंग किया जाए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र को हरा भरा बनाए रखने के लिए पेड़ पौधे, चौपाटी, म्यूजिकल फाउंटेन, ओपन जिम आदि विकसित की जाए। ट्विन सिटी के मध्य में होने के कारण दुर्ग एवं भिलाई दोनों जगह से लोग स्वास्थ्य एवं मनोरंजन हेतु पहुंच सकें। पहले फेस में जल्द से जल्द इन कार्यों को पूर्ण किया जाए अनावश्यक भवन निर्माण से जगह खराब ना किया जाए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने अधिकारियों से कहा कि विधायक वोरा की मंशा के अनुरूप शुद्ध पर्यावरण एवं राज्य स्तरीय प्रसिद्ध होने लायक पर्यटन स्थल विकसित करने में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। कार्य की लगातार मॉनिटरिंग एवं उच्च गुणवत्ता से कार्य कराना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा एल्डरमैन अंशुल पांडेय, निगम के सहायक अभियंता जितेंद्र समैय्या मौजूद थे।
ठगड़ा बांध के मूल स्वरूप में हो सौंदर्यीकरण,कांक्रीट के जंगल से पर्यावरण को ना हो नुकसान: वोरा
