भाटापारा में 32वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम का शुभारंभ, हरी डण्डी दिखाकर यातायात जागरूकता रथ किया गया रवाना

भाटापारा। आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, दो पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित करने, दुर्घटना से बचाव के उपाय से लोगों को अवगत कराने, यातायात नियमों की जानकारी सहित यातायात संबंधी विविध आयोजन सड़क सुरक्षा माह के दौरान भाटापारा यातायात पुलिस द्वारा की जायेगा। भाटापारा में 32वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ शनिवार को यातायात शाखा बस स्टैंड से किया गया।
शुभारंभ अवसर पर एसडीएम इंदिरा देवहरि एसडीओपी केवी द्विवेदी, तहसीलदार ज्योति  मसियारे, नायब तहसीलदार मयंक अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों  ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के मुख्य उद्देश्यो के बारे मे जानकारी देते हुए कहा कि लोगों को सावधानी के साथ सड़क नियमों का पालन करने के लिए जागृत करना और उनके जीवन को सुरक्षित करना है। भाटापारा यातायात शाखा पुलिस पूरे माह सड़क सुरक्षा से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित करके, लोगों को सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। भारत में प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता था किन्तु इस वर्ष सड़क सुरक्षा पूरे 1 माह तक मनाया जायेगा।
यातायात शाखा के प्रभारी संजीव सिंह ने आभार प्रदर्शन के रूप में कहा कि सुरक्षित सफर के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है लोगों का नियमों के प्रति जागरूक होना और उनका महत्व समझकर उन्हें अपने जीवन में अपनाना। यातायात के नियमों का पालन करने से  सभी को सुविधा होती है कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर शर्मा ने भी संबोधित किया।
जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
लोगों को सावधानी के साथ सड़क नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने व सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यातायात जागरूकता रथ को एसडीएम एसडीओपी तहसीलदार नायब तहसीलदार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भाटापारा शहर में बाइक रैली का भी आयोजन किया गया है जिसमें नागरिक गण, पुलिस अधि/कर्मचारी, बडी संख्या मे शामिल हुए। इस कार्यक्रम में शहर थाना के निरीक्षक विजय चौधरी उप निरीक्षक हितेश जंघेल ग्रामीण थाने के निरीक्षक रामअवतार ध्रुव एवं दोनों थानों के पुलिसकर्मी शामिल हुए। यातायात शाखा भाटापारा के प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि एक माह तक प्रतिदिन यातायात के संबंध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा और समझाइश दी जाएगी। शनिवार को निकली बाइक रैली यातायात शाखा बस स्टैंड से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस यातायात शाखा बस स्टैंड में आकर संपन्न हुई।

Leave a Reply