राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण नहीं किये जाने का मामला सदन में उठा

रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा सदस्यों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा में कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण की कार्यवाही नहीं होने का मामला उठाया। भाजपा सदस्य नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और नारायण चंदेल ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से यह मामला उठाया। उनके सवालों के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने वक्तव्य में भाजपा सदस्यों द्वारा लगाए इस आरोप को गलत बताया कि राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 10 हजार संविदाकर्मी कार्यरत है और जिनके द्वारा लगातार नियमितीकरण की मांग की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस आरोप से भी इंकार किया कि प्रदेश में युवाओं के साथ उनकी मांगों को पूरा न कर तथा उनके लिए शासकीय नौकरी के अवसर उपलब्ध न करा कर उन्हें ठगा जा रहा है तथा इनके नियमितीकरण के कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। श्री सिंहदेव ने बताया कि शासन से आदेश प्राप्त होते ही अक्टूबर 2020 में नियमितीकरण के संबंध में नियमों, तथ्यों के परीक्षण के लिए तत्काल एक समिति बनाई गई है। उन्होंने कहा किसमिति की बैठक दो बार 10 नवंबर 2020 एवं 24 दिसंबर में की गई तथा बैठक में विभिन्न विषयों पर विचार कर निर्णय लिया गया। श्री सिंहदेव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों को धोखे में नहीं रखा जा रहा है, बल्कि समिति की बैठक समयावधि में की जा चुकी है तथा कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। विभाग द्वारा की जा रही त्वरित कार्यवाही से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों में किसी प्रकार का रोष व्याप्त नहीं है।

Leave a Reply