भाटापारा। पूरे देश में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार सबसे अच्छा कार्य कर रही है। लॉकडाउन के दौरान भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने परिस्थितियों को समझते हुए हर वर्ग के लिए बेहतर कार्य किया जिसकी वजह से अन्य राज्यों की तुलना में हमारे राज्य की स्थिति अच्छी रही। उपरोक्त बातें प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने प्रदेश कांग्रेस के सचिव गणेश सिंह ध्रुव के निवास में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र का सहयोग छत्तीसगढ़ सरकार को नहीं मिल पा रहा है जिसकी वजह से अनेक कार्यों में राज्य सरकार को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जितने बारदाने की मांग केंद्र से की थी उस अनुपात में नहीं के बराबर बारदाने की आपूर्ति की गई जिससे धान खरीदी में परेशानी आई, लेकिन इससे उबरते हुए राज्य सरकार ने मिलर्स के बारदाने, किसानों के बारदाने, सोसाइटीयो के बाढ़ दाने के अलावा प्लास्टिक के बारदानों की अतिरिक्त व्यवस्था करते हुए किसानों का धान खरीद रही है। प्रदेश की भूपेश बघेल की सरकार किसान हित में पूरा कार्य कर रही है। एक प्रश्न के जवाब में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि फिलहाल छोटे किसानों का धान सरकार खरीद रही है। इनकी खरीदी पूरी होते ही बड़े किसानों के धान को भी सरकार निश्चित रूप से खरीदेगी इसमें कहीं कोई संदेह नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग केवल भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी के किसी भी विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को बारदाना उपलब्ध कराने के लिए एक भी पत्र नहीं लिखा है और यह फिर किसान हित की बात करते हैं। जनता इनकी बातों को अच्छी तरीके से समझ रही है। कृषि बिल के मामले में खाद्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं है। इसी के कारण केंद्र सरकार ने इसे अध्यादेश के माध्यम से सामने लाया है और अब किसान इतने लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं तो किसानों की बात सुनी जानी चाहिए। इस मौके पर राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम एवं विधायक गुलाब कमरो सहित प्रदेश कांग्रेस के सचिव गणेश सिंह ध्रुव, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजीत वाजपेई, पूर्व विधायक चैतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह सलूजा, पार्षद दीपक निर्मलकर, पार्षद गेंदू साहू, पार्षद समीर ध्रुव, अजीज चनेजा, पूर्व पार्षद अयूब बाठिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे । मंत्री अमरजीत भगत ग्राम अर्जुनी में शहीद वीर नारायण सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। भाटापारा पहुंचने पर उनका जबरदस्त स्वागत किया गया और उन्हें ग्राम तरंगा से मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से भाटापारा होते हुए ग्राम अर्जुनी ले जाया गया।
देश में छत्तीसगढ़ की सरकार सबसे अच्छा कार्य कर रही है: अमरजीत
