रायपुर/ सरगुजा दौरे पर जाने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टीएस सिंहदेव के मुख्यमंत्री पद को लेकर दो दिन पहले दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बघेल ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि अगर आलाकमान कहेगा तो वे फौरन इस्तीफा दे देंगे. लेकिन अगर कोई गलतफहमी पैदा करता है, चाहे वो कोई भी हो, उसे सचेत रहना चाहिए. वो प्रदेश का हित नहीं कर रहा है.
दूसरी तरफ, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ढाई-ढाई साल के कार्यकाल को लेकर टिप्पणी की है उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा है कि सब कुछ हाईकमान पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि इसका कोई लिखित में नहीं होता है। इस पर आज माना विमानतल पर मुख्यमंत्री बघेल ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश के विकास को देखते हुए जिन्हें तकलीफ हो रही है, वे गलतफहमी पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं उन्होंने कहा कि अगर अभी आप से बात करते मुझे हाईकमान से फोन आ जाए तो मैं यहीं से वापस हो जाऊंगा। श्री बघेल ने कहा कि हाईकमान के कहने पर उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी ली है। उन्हें पद का मोह नहीं है जनादेश पांच साल का मिला है। ऐसे में अगर कोई गलतफहमी पैदा करने की कोशिश कर रहा है, तो वह सचेत रहे। ऐसे लोग प्रदेश का विकास होते नहीं देखना चाहते।
