दुर्ग/ छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा सत्र अप्रैल मई 2020 की परीक्षाएं दिसंबर माह के तीसरे सप्ताह ऑफलाइन आयोजित किए जाने की संभावना है। साथ ही वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण शासन के आदेशानुसार उपरोक्त संभावित परीक्षा तिथि परिवर्तनीय भी है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव के के वर्मा ने बताया कि परीक्षा सत्र अप्रैल-मई 2020 की परीक्षाएं कोरोना काल के कारण विश्वविद्यालय आयोजित नहीं कर पाया था। छात्र-छात्राओं का एक सेमेस्टर प्रभावित ना हो इसे ध्यान में रखते हुए सभी को अगले सेमेस्टर के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्णय लेकर प्रमोट किया गया था। परंतु प्रमोटी सभी छात्र एवं छात्राओं की परीक्षाएं भविष्य में आयोजित किया जाना तय किया गया था । प्रमोटी सभी छात्र छात्राओं को पूर्व एवं वर्तमान दोनों ही सेमेस्टर की परीक्षाएं अनिवार्य रूप से देनी होंगी। इसी के तहत परीक्षा सत्र अप्रैल मई 2020 के पाठ्यक्रम बी ई सप्तम सेमेस्टर नवीन पाठ्यक्रम, बी फार्मेसी सप्तम सेमेस्टर नवीन पाठ्यक्रम, बी अर्क नवम सेमेस्टर, डिप्लोमा इंजीनियरिंग पंचम सेमेस्टर, एवं डिप्लोमा फार्मेसी प्रथम वर्ष की ऑफलाइन परीक्षा दिसंबर के तृतीय सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है । प्रत्येक जिले में एक परीक्षा केंद्र बनाए जाने के साथ कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। परीक्षा समय सारणी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर यथाशीघ्र प्रकाशित की जाएगी । उसी प्रकार परीक्षा सत्र अप्रैल मई 2020 विभिन्न पाठ्यक्रम की शेष सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षा जनवरी 2021 में आयोजित किए जाने की संभावना है। इस संबंध में कुलसचिव ने बताया कि विद्यार्थी वर्ग अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र का चयन कर सकता है। पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्र के अलावा परीक्षार्थी अपने निवास के समीप परीक्षा केंद्र का भी चयन कर सकता है। कुलसचिव ने बताया कि विश्व विद्यालय से संबंध प्रदेश के सभी जिलों में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित हैं। जिनका उपयोग विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र के रूप में कर सकता है। छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्य में रहने वाले विद्यार्थी वर्ग को छत्तीसगढ़ में ही पहुंच कर परीक्षा केंद्र में परीक्षा देनी होगी । प्रदेश के बाहर विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र का निर्धारण नहीं कर सकेगा। कुलसचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रमोट किए गए सभी विद्यार्थियों को प्रमोट हुए सेमेस्टर एवं आगामी सेमेस्टर दोनों की परीक्षाएं देनी होगी। दोनों ही परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जारी आदेश संभावित है। शासन के अग्रिम आदेश के पश्चात ही परीक्षा तिथि तय की जाएगी।
