ड्रग्स केस: छापेमारी के बाद कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को समन

मुंबई/ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की बॉलीवुड के कलाकारों के घर पर छापेमारी का सिलसिला जारी है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शनिवार को एनसीबी ने कॉमेडियन भारती सिंह के मुंबई के घर पर छापेमारी की है। इस छापेमारी के बाद एनसीबी को क्या मिला है इसके बारे में तो कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है लेकिन एजेंसी ने भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को समन जारी कर पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा है।

एनसीबी की पिछले कुछ समय से बॉलीवुड से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। इससे पहले एनसीबी ने अभिनेता अर्जुन रामपाल और फिल्म निर्माता फिरोज नाडियावाला के घर पर भी ड्रग्स की जांच के सिलसिले में इस महीने की शुरुआत में छापा मारा था।

एनसीबी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से आधिकारिक सूचना मिलने के आधार पर हिंदी फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के ड्रग्स लेने और रखने के मामले जांच शुरू की है। इस दौरान एनसीबी को कई चैट मिली है और यह सब कुछ अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुआ है।

सुशांत राजपूत की प्रेमिका रिया चक्रवर्ती को एनसीबी ने 9 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था और बाद में कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया था। रिया ने ड्रग्स की खरीद के आरोप में लगभग एक महीने जेल में बिताया था।

Leave a Reply