भाटापारा। भाटापारा शहर के शिक्षण संस्थानों में से एक, गुरुकुल स्कूल भाटापारा के शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के द्वारा कोरोना काल में कार्यरत डॉक्टरों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मान देने का एवं उनके प्रति आभार प्रकट करने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत उन सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने इस विषम परिस्थिति में अपने एवं अपने परिवार से बढ़कर समाज को महत्व दिया और समाज कल्याण के लिए सतत कार्य किया। जहां एक ओर कोरोना वैश्विक महामारी से आम जन जीवन भयभीत है समाज में भय का वातावरण व्याप्त है। लोग अपने घरों से निकलने से भी डर रहे हैं ऐसे हालातों में भी इन स्वास्थ्य कर्मियों ने देश की रक्षा के लिए स्वयं की जान को हथेली पर रखकर कार्य किया है।
यह सम्मान समारोह 21 नवंबर दिन शनिवार को ऑनलाइन जूम एप के माध्यम से किया जाएगा जिसमें वह सभी पालक एवं अभिभावक शामिल होंगे जो समाज कल्याण के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान दिया जाएगा साथ ही गीत, कविता एवं उद्बोधन के माध्यम से शाला परिवार की ओर से उनका आभार प्रकट किया जाएगा।
इस कार्यक्रम को लेकर शाला परिवार अति उत्साहित है।
