मुख्यमंत्री श्री बघेल ने श्रीमती इंदिरा गांधी के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा है कि इंदिराजी ने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी ने दूरदृष्टि और पक्के इरादे के साथ देश को नई दिशा प्रदान की। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करते हुए अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत को प्रतिष्ठापूर्ण स्थान दिलाया। उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में इंदिरा जी को आदर से याद किया जाता है।