स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए प्रदेश भर की 72 हजार से ज्यादा मितानिनों एवं अन्य सपोर्ट स्टॉफ को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित मितानिनों द्वारा विगत 28 अक्टूबर तक प्रदेश के कुल 35 लाख 17 हजार से अधिक घरों में कोविड-19 के संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए सर्वे किया गया है। इस दौरान कोरोना से मिलते-जुलते लक्षणों वाले 61 हजार 195 व्यक्तियों की पहचान मितानिनों द्वारा की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन चिन्हांकित लोगों के सैंपल की जांच की जा रही है। मितानिनें घर-घर जाकर बुखार, सर्दी, खांसी, सांस लेने में परेशानी, सूंघने या स्वाद की शक्ति में कमी आने, दस्त और उल्टी होने तथा बदन दर्द जैसे लक्षणों वाले लोगों की सूची बना रही हैं। इस तरह के लक्षण वाले व्यक्तियों को शीघ्र जांच के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।